Loading...

वक्फ कानून 2025 के खिलाफ वेलफेयर पार्टी का विरोध, जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

jaipur

Follow us

Share

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)।वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया ने सोमवार को जयपुर के सी-स्कीम स्थित ग्रांड इंडियाना रेस्टोरेंट में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 का कड़ा विरोध जताया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का विषय था “वक्फ की प्रासंगिकता के परिदृश्य में वक्फ संशोधन अधिनियम 2025″। प्रेसवार्ता को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविशंकर त्रिपाठी, राष्ट्रीय महासचिव शीमा मोहसिन, और राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष वक़ार अहमद ने संबोधित किया। ज़िलाध्यक्ष फ़िरोज़ुद्दीन ज़ोरावर ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि यह नया संशोधन मुस्लिम समुदाय की ज़मीनी और धार्मिक विरासत पर एक सोची-समझी रणनीति के तहत हमला है। उन्होंने कहा कि यह कानून भूमाफिया, निजी व्यक्तियों और खुद सरकार को वक्फ संपत्तियों पर कब्जा जमाने की छूट देता है। वेलफेयर पार्टी का कहना है कि अगर वक्फ बोर्ड में कोई गड़बड़ी थी, तो सरकार को चाहिए था कि वह मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों, धार्मिक नेताओं और क़ानूनी विशेषज्ञों से सलाह-मशविरा कर पारदर्शी सुधार लाती। लेकिन इसके बजाय एकतरफा फैसला लेकर समुदाय के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में सुप्रीम कोर्ट पर सरकार की टिप्पणियों की भी निंदा की गई। पार्टी नेताओं ने कहा – “अगर हम सुप्रीम कोर्ट का अपमान करेंगे तो लोकतंत्र कैसे बचेगा?” उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार वाकई मुस्लिम समाज की हितैषी है, तो शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया? वक्फ संपत्तियों को लेकर लाया गया यह कानून जनविरोधी और संविधान विरोधी है। प्रेसवार्ता के साथ-साथ वेलफेयर पार्टी ने एक बुद्धिजीवी परिचर्चा का आयोजन भी किया, जिसमें कई सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता शामिल हुए। इसमें पार्टी की वरिष्ठ नेता गजाला परवीन, नासिर जुबेरी, हसीन अहमद, प्रेम किशन शर्मा एडवोकेट, सुमित्रा (सीपीएम), बसंत हरियाणा, मोहनलाल बैरवा, दशरथ हिंगोनिया और राम माधव जैसे अनेक गणमान्य जनों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में वक्फ एक्ट संशोधन 2025 के खिलाफ विरोध प्रकट किया और आशा जताई कि सुप्रीम कोर्ट 5 मई तक इस कानून पर रोक लगाएगा और संविधान व लोकतंत्र की रक्षा करेगा। जयपुर जिलाध्यक्ष फ़िरोज़ुद्दीन ने कहा कि 5 मई को सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के बाद आगे की रूपरेखा तैयार करेगी। तब तक पार्टी 27 अप्रैल तक लगातार अभियान चलाकर लोगों को वक्फ कानून के ख़तरों से जागरूक करेगी।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।