ट्रैफिक पुलिस सिपाही अब चालान नहीं काटेंगे, करेंगे समझाईश व रखेंगे यातायात सुव्यवस्थित
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। शहर में अब ट्रैफिक पुलिस के जवान वाहन चालकों का चालान नहीं काट सकेंगे। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने ट्रैफिक पुलिस के करीब 1500 जवानों से चालान बुक वापस लेने के निर्देश जारी किए हैं। अब चालान काटने का अधिकार सिर्फ इंस्पेक्टर या फिर इनसे बड़े रैंक वाले अफसरों के पास ही होगा। ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों के जिम्मे यातायात को सुगम बनाना होगा और उनकी पहली प्राथमिकता जाम से निजात दिलाने की होगी। गौरतलब है कि जयपुर शहर में करीब हर महीने 70 लाख रुपए का वाहनों का चालान काटा जाता है। इनमें से करीब 90 फीसदी चालान ट्रैफिक पुलिस के सिपाही से लेकर सब इंस्पेक्टर तक काटते हैं। गौरतलब है कि यातायात पुलिस की कार्यशैली को लेकर मिले फीडबैक के बाद पुलिस कमिश्नर ने सत्यापन किया था। इसके बाद यह फैसला लिया गया। यह व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर मार्च के लिए लागू की गई है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मी केवल समझाइश करेंगे। चौराहों पर चालान नहीं काटने की यह व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर इस माह लागू रहेगी। इसमें शहर में यातायात संचालन में लगे 12 टीआई, चार डिप्टी एसपी, दो एडिशनल डीसीपी और डीसीपी ही चालान काट सकेंगे।
वसूली की शिकायतें पूरी तरह बंद हो जाएंगी

चालान नहीं काटने के निर्देश के बाद अब ट्रैफिक पुलिसकर्मी सुबह के समय मुख्य चौराहों और व्यस्त इलाकों में तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करेंगे ताकि सड़क पर जाम जैसी समस्याएं कम हों। इस फैसले से आम जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि बनेगी और सड़क पर अनुशासन में सुधार होगा। ट्रैफिक नियमों का पालन सही तरीके से हो और किसी भी प्रकार की अनुचित सख्ती या मनमानी से बचा जा सके।
आईटीएमएस कैमरों से जारी होते रहेंगे वाहनों के चालान
जेएलएन मार्ग, टोंक रोड सहित कई जगह पर आईटीएमएस कैमरे लगे हुए हैं। इनके माध्यम से चालान ऑनलाइन जारी होते रहेंगे। अगर कोई जान बूझकर यातायात नियमों तो तोड़ेगा तो संबंधित पुलिस कर्मी सर्किल में मौजूद इंस्पेक्टर को सूचना देकर कार्रवाई कराएगा।

“यह फैसला ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और अनुशासित तरीके से यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए लिया गया है। अब ट्रैफिक पुलिसकर्मी यातायात सुचारू रूप से संचालित करा सकेंगे। इसका उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। लापरवाही बरतने वालों का चालान काटा जाएगा।”
- बीजू जार्ज जोसफ, पुलिस कमिश्नर
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
