हज यात्रा-2025 की अंतिम फ्लाइट जयपुर पहुंची
- 158 हाजी सकुशल लौटे, परिवारों की आंखों में खुशी के आंसू
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। हज यात्रा-2025 की अंतिम और 17वीं फ्लाइट रविवार सुबह 9:30 बजे जेद्दाह से जयपुर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची। इस फ्लाइट में 158 हाजी सकुशल लौटे, जिनमें 78 महिलाएं और 80 पुरुष शामिल रहे। फ्लाइट को सुबह 7 बजे पहुंचना था, लेकिन तकनीकी कारणों से इसमें देरी हुई। एयरपोर्ट पर परिजनों ने अपनों को देखकर खुशी और भावुकता से गले लगाया। आंखों में आंसू और चेहरों पर मुस्कान लिए परिवारजन अपने हाजियों का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। जैसे ही हाजियों ने अपनों को देखा, खुशी से भावनाएं छलक पड़ीं। इस दौरान राजस्थान स्टेट हज कमेटी ने हर हाजी का गुलाब का फूल देकर इस्तकबाल किया। चाय-पानी की विशेष व्यवस्था ने गर्मजोशी में इज़ाफा किया। हज यात्रियों को एयरपोर्ट पर 5 लीटर जम-जम पानी का जार भी वितरित किया गया। इमिग्रेशन, कस्टम और बैगेज की व्यवस्थाएं भी पूरी तरह दुरुस्त रहीं और किसी का सामान गुम नहीं हुआ।

इस मौके पर सबसे बुजुर्ग हाजी टोंक जिले के 74 वर्षीय मोहम्मद युनुस एवं सबसे कम उम्र के हाजी नागौर निवासी 13 वर्षीय मोहम्मद ने छोटी उम्र में मिसाल कायम की। हज के 53 दिन के पवित्र सफर के दौरान सभी हाजियों ने मक्का और मदीना में अरकान पूरे कर सकून और तसल्ली के साथ वतन वापसी की। हाजियों ने बताया कि उन्होंने मुल्क हिंदुस्तान और खासकर राजस्थान की तरक्की, अमन-चैन और खैरियत के लिए अल्लाह की बारगाह में दुआएं मांगी। उन्होंने कहा कि अल्लाह ने इस सफर को बहुत आसान बना दिया और यह सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मा की तालीम और देश के लिए दुआओं का सफर था।

इस वर्ष राजस्थान से 3411 हज यात्री रवाना हुए थे, जिनमें 3398 राजस्थान से और 13 अन्य राज्यों से थे। अब तक जयपुर एम्बार्केशन प्वाइंट पर 2708 हाजी लौट चुके हैं, शेष हाजी दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे प्वाइंट्स से लौट रहे हैं। यह हज सफर खत्म हुआ, लेकिन हाजियों के साथ अमन, शांति और दुआओं की सौगात भी लौट आई। जयपुर एयरपोर्ट पर आज इबादत, खुशी और भावनाओं का शानदार मिलन देखने को मिला।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
