रामगढ़ मोड़ व्यापार मंडल सड़कों पर उतरा
कर्बला चौराहा पर सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन
टूटी सड़के, सीवर लाइन, घरों में घुसते गंदे पानी की समस्या को लेकर नगर निगम का किया विरोध

रामगढ़ मोड़ व्यापारियों का फूटा ग़ुस्सा, निगम की लापरवाही के ख़िलाफ़ सड़क पर उतरे व्यापारी

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। रामगढ़ मोड़ क्षेत्र में व्यापारियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। इलाके की खस्ताहाल सड़कों, जाम सीवर लाइनों और घरों में घुसते गंदे पानी से परेशान व्यापारियों ने 1 अगस्त 2025 को कर्बला चौराहा पर धरना देकर विरोध जताया। व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारी सड़क पर बैठ गए और नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार निगम अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन न तो सड़कें ठीक की गईं और न ही सीवर की सफाई हुई। बारिश होते ही सीवर ओवरफ्लो हो जाते हैं और गंदा पानी दुकानों और घरों में घुस जाता है, जिससे लोगों को भारी नुकसान होता है और बीमारियों का खतरा बना रहता है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही हालात नहीं सुधरे, तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे और निगम कार्यालय का घेराव भी कर सकते हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों की एक ही मांग है—”टूटी सड़कों की मरम्मत करो, सीवर की सफाई करो, वरना कुर्सी खाली करो।” बाद में स्थानीय विधायक बालमुकंद आचार्य ने धरना देने वाले नागरिकों को आश्वासन दिया कि भविष्य में नगर निगम और जेडीए के अधिकारी समस्याओं का समाधान करेंगे। विधायक के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। विधायक के क्षेत्र हवामहल में काफी जगह वर्षात के पानी के कारण स्थिति खराब हो गई है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
