जयपुर में मंदिर के पास शराब दुकान खोलने का विरोध तेज़, पटेल कॉलोनी में भड़का जनआक्रोश
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। राजधानी जयपुर में मंदिर के समीप शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव के खिलाफ जनता का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला पटेल कॉलोनी स्थित गवर्नमेंट प्रेस के पास का है, जहां प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर स्थानीय निवासियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि शराब दुकान की लोकेशन न सिर्फ धार्मिक आस्थाओं का अपमान है, बल्कि इससे इलाके की शांति, सुरक्षा और सामाजिक माहौल भी प्रभावित होगा। खासतौर से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों ने गंभीर चिंता जताई। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध जताया और ज़ोरदार नारेबाज़ी की। प्रदर्शन में शामिल एक स्थानीय महिला ने कहा कि मंदिर के सामने शराब की दुकान खोलना सीधा हमारी श्रद्धा का अपमान है। इससे सामाजिक वातावरण पर भी बुरा असर पड़ेगा। विवाद की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि, मंदिर के सामने शराब की दुकान किसी भी कीमत पर नहीं खुलने दी जाएगी। मैंने अधिकारियों से बात की है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनभावनाओं के विरुद्ध कोई फैसला नहीं होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर दुकान का प्रस्ताव रद्द करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, उनका विरोध जारी रहेगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी छोटी चौपड़ और चांदपोल बाजार में शराब दुकानों को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा विरोध जताया जा चुका है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
