जयपुर में पायलट राजवीर का अंतिम संस्कार; केदारनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश में मौत हुई थी
–लेफ्टिनेंट कर्नल पत्नी फोटो थामे चलीं, सैल्यूट किया
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। केदारनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश में मारे गए पायलट राजवीर सिंह चौहान का अंतिम संस्कार जयपुर के चांदपोल मोक्षधाम में हुआ। 15 जून को हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में 7 लोगों के साथ उनकी मौत हो गई थी। आर्मी से लेफ्टिनेंट कर्नल पद से रिटायर राजवीर का पार्थिव शरीर सोमवार देर रात जयपुर पहुंचा था।

राजवीर का शव जब घर पहुंचा तो परिवार बिलख पड़ा। छोटे बेटे की मौत पर बुजुर्ग मां-बाप के आंसू नहीं रुक रहे थे। वे बस यही कहते रहे- हमारा सब कुछ चला गया। बुरी तरह जलने के कारण परिवार को राजवीर का चेहरा भी नहीं दिखाया गया।
राजवीर की पत्नी दीपिका भी लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। अंतिम यात्रा में दीपिका आर्मी यूनिफॉर्म पहने नजर आईं, वे पति की फोटो लेकर चल रही थीं। पति को आखिरी विदाई देते हुए दीपिका ने उन्हें सैल्यूट भी किया।
अंतिम यात्रा ‘राजवीर अमर रहे’ के नारों से गूंजती रही। मोक्षधाम में आर्मी के अधिकारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। राजवीर के भतीजे ने सुबह 10.30 बजे उन्हें मुखाग्नि दी।
टीम को लीड कर रहे थे राजवीर
सेना से रिटायर होने के बाद राजवीर एक प्राइवेट एविएशन कंपनी के लिए हेलिकॉप्टर फ्लाइंग कर रहे थे। सिंह करीब 4 महीने पहले ही जुड़वां बेटों के पिता बने थे। चंद्रवीर ने बताया कि मेरे भाई राजवीर सबसे आगे वाला हेलिकॉप्टर उड़ा रहे थे। राजवीर ने दूसरे हेलिकॉप्टर के पायलट को खराब मौसम के बारे में अपडेट दी थी, क्योंकि वे सबसे आगे थे।

इसके बाद सुबह करीब 5.20 मिनट पर उनका हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में पायलट राजवीर सिंह समेत 7 लोगों की मौत हो गई थी।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
