किन्नर सिमरन बाई ने सादगी से अपना जन्मदिन मनाकर एक शानदार पहल की
मोहम्मद फ़रमान पठान
मनोहरपुर, (रॉयल पत्रिका)। आजकल के समाज में जहां लोग अपने जन्मदिन को दिखावे के साथ मनाने के लिए महंगी पार्टियां और बोलेरो पर केक काटने जैसी प्रवृत्तियों को अपनाते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपनी सादगी और नेक कार्यों से समाज में एक नई मिसाल पेश करते हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक और सादगी से भरी पहल की किन्नर सिमरन बाई जी ने। 7 मार्च को सिमरन बाई जी ने अपने जन्मदिन को दिखावे के बजाय एक नेक कार्य के रूप में मनाया, जिससे समाज में एक सशक्त संदेश गया। सिमरन का दिल जितना बड़ा है, उनका कार्य भी उतना ही महान है। इस दिन उन्होंने सुबह उठते ही अपने इष्ट देवताओं का आशीर्वाद लिया और फिर गायों को रंजका, कबूतरों को ज्वार और प्यासों के लिए पानी का इंतजाम किया। उनका यह पुण्य कार्य पूरे दिन चलता रहा और सिमरन जी ने पूरे मन से समाज सेवा की। हर साल की तरह इस वर्ष भी सिमरन जी ने चिकित्सालय में सेव और केले वितरित किए, ताकि मरीजों को ताजगी और शक्ति मिल सके। उनका यह कार्य समाज में अच्छाई फैलाने और जरूरतमंदों की मदद करने का एक शानदार उदाहरण है। सिमरन जी के जन्मदिन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक और फोन पर उनके लिए बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई। लोग उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे थे, और सोशल मीडिया पर गाने बज रहे थे: “बार बार ये दिन आए, बार बार ये दिल गाए, तू जिये हजारों साल, साल के दिन हो 50 हजार, हैप्पी बर्थडे टू यू सिमरन जी!” सिमरन जी ने इस मौके पर सभी बधाई देने वालों का धन्यवाद करते हुए एक संदेश दिया, “मैं सभी को तहे दिल से धन्यवाद देती हूं। मैं यह चाहती हूं कि लोग जन्मदिन के दिखावे से बचें और इसे किसी अच्छे कार्य या जरूरतमंद की मदद में लगाएं। आजकल लोग दिखावे के चक्कर में हजारों रुपए खर्च कर जन्मदिन मनाते हैं, लेकिन मेरा मानना है कि अगर आप सच में अपना जन्मदिन मनाना चाहते हैं, तो किसी जरूरतमंद की मदद करके, या समाज में कोई नेक कार्य करके यह दिन मनाएं। इससे समाज में अच्छाई का संदेश जाता है और मन को सुकून मिलता है।” सिमरन जी की यह पहल समाज में एक सशक्त संदेश देती है कि सादगी और मानवता से भरे कार्य ही सबसे बड़े और सही जन्मदिन का उत्सव होते हैं। उनका यह उदाहरण हर किसी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
