Loading...

रमज़ान में इबादत के साथ इंसानियत की सेवा में जुटे जयपुर के नौजवान

Jaipur

Follow us

Share

  • घर-घर जाकर कर जरूरतमंदों को बाँट रहे रमज़ान किट और ईद किट

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। रमज़ान के पाक महीने में जहां हर कोई इबादत में मग्न है, वहीं राजधानी जयपुर के कुछ नौजवान इस मौके को नेकी कमाने और जरूरतमंदों की मदद करने का जरिया बना रहे हैं। यह युवा सिर्फ खुद के लिए दुआ नहीं कर रहे, बल्कि उन परिवारों के लिए भी फरिश्ता बन रहे हैं, जिनके लिए रोज़ा रखना तो दूर, इफ्तार का इंतजाम करना भी मुश्किल होता है। जयपुर के रामगंज क्षेत्र स्थित के बाबू का टीबा के रहने वाले आकिब खान लब्बैक और उनकी “मीम टीम” ऐसे ही जरूरतमंदों तक राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने का काम कर रही है। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संगठन मीम टीम (Movement for Education and Empowerment for Masses) जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार काम कर रहा है। मीम टीम राजस्थान के मीडिया प्रभारी आकिब खान लब्बैक बताते हैं कि रमज़ान के दौरान हर घर में लज़ीज़ पकवान बनते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी घर हैं जहां रोज़मर्रा का खाना तक मयस्सर नहीं होता। उनकी टीम ऐसे परिवारों को खोजकर उन तक जरूरी राशन मुहैया कराती है ताकि वे भी इफ्तार कर सकें और भूखे न रहें। आकिब और उनकी टीम के साथी जरूरतमंद परिवारों को आटा, चावल, दाल, चना, बेसन और तेल जैसी आवश्यक चीजों से भरपूर इफ्तार किट बीते पांच सालों से बाँट रहे हैं। इस नेक काम में उनके साथी मीम राजस्थान के अध्यक्ष अब्दुल अलीम, कोषाध्यक्ष शहजाद खान और सचिव हाफिज रऊफ सहित कई अन्य युवा जुड़े हुए हैं।

Advertisement
  • रमज़ान में जरूरतमंदों के लिए खास अभियान:

आकिब बताते है कि मीम टीम राजस्थान हर साल रमज़ान में विशेष सहायता अभियान चलाती है, जिसके तहत रमज़ान और ईद किट वितरित की जाती हैं। रमज़ान किट में 10 किलो आटा, तेल, चीनी, चायपत्ती, और अन्य ज़रूरी सामान होता है तो वहीं ईद किट में सेवइयां, दूध, ड्राई फ्रूट्स, चावल, और अन्य मिठाइयों का सामान होता है। इस रमज़ान अब तक वे लोग 250 रमज़ान किट से ज्यादा बांट चुके है। बीते साल उन्होंने 1500 से अधिक ईद किट जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई थी इस बार भी 1500 या उससे ज्यादा ईद किट पहुंचाने का लक्ष्य है। ईद किट में सेवइयां बनाने का पूरा सामान होता है, ताकि हर परिवार ईद की खुशियों में शामिल हो सके।

Advertisement
  • समाज सेवा के अन्य कार्य:

मीम टीम का कार्य क्षेत्र सिर्फ रमज़ान तक सीमित नहीं है। संगठन सालभर विभिन्न समाजसेवी कार्यों में संलग्न रहता है। जरूरतमंदों को रोजगार दिलाने से लेकर उनकी आजीविका को फिर से स्थापित करने तक, संगठन हरसंभव मदद करता है। कई छोटे व्यापारियों को ठेले, फल-सब्जी के कारोबार, चाय की दुकान जैसे कामों के लिए आर्थिक सहायता दी गई है। जयपुर में एक दुकान जल जाने की घटना में मीम टीम ने दुकानदार की फिर से दुकान शुरू कराने में मदद की थी। इसके अलावा, मीम टीम जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा को भी प्राथमिकता देती है। कई बच्चों की स्कूल फीस अदा की गई है, ताकि वे पढ़ाई जारी रख सकें। साथ ही, महिलाओं के लिए ब्यूटीशियन और कंप्यूटर क्लासेज जैसी स्किल ट्रेनिंग मुफ्त में कराई जाती है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। संगठन समय-समय पर ब्लड डोनेशन कैंप भी आयोजित करता है। मीम टीम का उद्देश्य बिना किसी धार्मिक भेदभाव के हर जरूरतमंद की मदद करना है। आकिब खान लब्बैक कहते हैं, “हम सिर्फ मुसलमानों की नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद की मदद करते हैं। चाहे वे हिंदू हों या मुस्लिम, हमारा मकसद सिर्फ इंसानियत की सेवा करना है।” उनका मानना है कि “खिदमत से खुदा और इबादत से जन्नत मिलती है।“

  • मीम टीम से कैसे जुड़ सकते हैं?

अगर कोई मीम टीम का हिस्सा बनना चाहता है या समाज सेवा में योगदान देना चाहता है, तो वे आसानी से संगठन से संपर्क कर सकते हैं। टीम के मीडिया प्रभारी आकिब खान लब्बैक के अनुसार, “कोई भी व्यक्ति जो जरूरतमंदों की सेवा करना चाहता है, वह हमसे जुड़ सकता है। हमें कॉल करें, हमारी मीटिंग्स में शामिल हों और सेवा कार्यों का हिस्सा बनें।” अगर कोई भी व्यक्ति समाज सेवा में योगदान देना चाहता है या इस नेक काम का हिस्सा बनना चाहता है, तो वह मीम टीम से जुड़ सकता है। संगठन का मुख्यालय जयपुर के बाबु का टीबा, रामगंज में स्थित है और कोई भी व्यक्ति संपर्क कर इस मुहिम का हिस्सा बन सकता है। जयपुर के युवाओं की ये मीम टीम सिर्फ इबादत में ही नहीं, बल्कि इंसानियत की सेवा में भी रमज़ान का असली मकसद पूरा कर रहे हैं। उनका यह प्रयास समाज में एक मिसाल बन चुका है और यह साबित करता है कि जब नेक नीयत और सच्ची लगन हो, तो इंसानियत की सेवा किसी भी इबादत से कम नहीं होती।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।