सुन्नी दावते इस्लामी के कार्यक्रम में देशभर से जुटे इस्लामी विद्वान
जयपुर(रॉयल पत्रिका)। सुन्नी दावते इस्लामी (एसडीआई) के तत्वावधान में 1500वां जश्ने ईद मिलादुन्नबी व 813वां उर्से ख्वाजा गरीब नवाज ईदगाह देहली बायपास रोड पर मनाया गया। देर रात तक चले जश्ने ख्वाजा गरीब नवाज कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुन्नी दावते इस्लामी (मुम्बई) के अमीर हजरत मौलाना मुहम्मद शाकिर अली नूरी ने ख्वाजा गरीब नवाज की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। वे बोले-ख्वाजा गरीब नवाज ने कुरआन मजीद की रोशनी में पूरी इंसानियत को पैगाम दिया। उन्होंने सूफीइज्म के जरिए अमन व शांति का संदेश दिया। पूरी जिंदगी ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती ने कुरान की तालीम को आम करने के साथ ही सूफी बुजुर्गों की शिक्षा को फैलाया। मुख्य वक्ता आले रसूल अल्हाज मौलाना सैयद अमीनुल कादरी (मालेगांव)ने कहा, इस्लाम की बुनियादी व नैतिक शिक्षा को आम करने के साथ-साथ मॉडर्न एजुकेशन को भी हासिल करें और इसके प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। वहीं उन्होंने समाज में फैली बुराइयों व नशे की लत पर अंकुश लगाए जाने पर बल दिया। आलमी शोहरत याफ्ता सना खां अलहाज कारी मुहम्मद रिजवान खान (मुंबई) ने हम्द नातों मंकबत पेश की। जयपुर शहर मुफ्ती हजरत मौलाना मुफ्ती अब्दुस्सत्तार रजवी साहब की अध्यक्षता में आयोजित सुन्नी इज्तेमा का समापन सलातो सलाम, खुसूसी जिक्र व दुआ के साथ हुआ।
सूफिइज्म शिक्षा को देंगे बढ़ावा : कादरी

आले रसूल अल्हाज मौलाना सय्यद मुहम्मद कादरी (जयपुर) ने कहा कि हिंदुस्तान सूफी विचार धाराओं औलिया अल्लाह ख्वाजा गरीब नवाज के मानने वालों का है। इसमें सूफी विचार व औलिया अल्लाह की सूफिइज्म शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा। नौजवानों को समाज सेवा के कामों के लिए जागरूक कर देश व कौम की तरक्की और खुशहाली के लिए हर संभव प्रयास करने होंगे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हर हाल में नेकी को फैलाने और बुराई पर अंकुश लगाए जाने की बात कहते हुए इस मुहिम में जनभागीदारी का आह्वान किया।

विषय विशेषज्ञों ने स्टूडेंट्स का किया मार्ग दर्शन
इससे पूर्व दोपहर बाद टीम एसडीआई उम्मीद का एक विशेष सत्र स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित हुआ। जिसमें स्टूडेंट्स को बताया गया कि वे बोर्ड परीक्षा के बाद कौनसा विकल्प चुने, किस फील्ड में जाना चाहिए, जिससे उनका भविष्य उज्जवल हो सके। इस सेशन का प्रशिक्षण मुंबई से आए विषय विशेषज्ञ मुहम्मद इस्माइल व मुहम्मद निजामुद्दीन ने दिया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
