Loading...

एक ही दिन में महंगाई का झटका, घरेलू सिलेंडर 50 रुपये महंगा, पेट्रोल-डीजल पर 2 रुपये एक्साइज ड्यूटी बढ़ी

Jaipur

Follow us

Share

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। केंद्र सरकार ने सोमवार को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब घरेलू सिलेंडर की कीमत 50 रुपये बढ़ा दी गई है जबकि पेट्रोल और डीजल पर 2 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है।  पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जानकारी दी कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए एलपीजी सिलेंडर अब 550 रुपये में मिलेगा जबकि बाकी उपभोक्ताओं के लिए कीमत 803 से बढ़कर 853 रुपये हो जाएगी। राजस्थान में घरेलू सिलेंडर की नई कीमत अब 856.50 रुपये हो गई है। इससे पहले महिला दिवस 8 मार्च 2024 को सरकार ने सिलेंडर के दामों में 100 रुपये की कटौती की थी, तब इसकी कीमत 806.50 रुपये थी। हरदीप पुरी ने यह भी कहा कि यह फैसला तेल विपणन कंपनियों को हुए 43,000 करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई के लिए लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह फैसला स्थायी नहीं है और इसकी हर 2-3 हफ्ते में समीक्षा की जाती है। वहीं पेट्रोल-डीजल पर 2 रुपये की एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है। हालांकि पेट्रोलियम क्षेत्र के जानकार नरेंद्र तनेजा ने बताया कि यह अतिरिक्त बोझ कंपनियों को अपनी कमाई से उठाना होगा और इसका असर आम उपभोक्ता पर नहीं पड़ेगा। यानी पेट्रोल और डीजल के दाम में तत्काल कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। सरकार ने 1 अप्रैल 2024 को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 41 रुपये तक की कटौती की थी। अब राजस्थान में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 1790 रुपये में मिल रहा है, जो पहले 1830.50 रुपये का था। उस समय घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था। सरकार के इस फैसले से आम आदमी की रसोई का बजट एक बार फिर से प्रभावित होगा। हालांकि पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर रहने की उम्मीद है, लेकिन आने वाले दिनों में समीक्षा के बाद स्थिति में बदलाव संभव है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।