चौमूं में सरकारी आवासीय योजना लागू करने की माँग
–पूर्व पार्षद राजेश वर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
चौमूं (रॉयल पत्रिका)। चौमूं में आमजन की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकारी आवासीय योजना लागू करने की माँग को लेकर शुक्रवार को पूर्व पार्षद राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी दिलीप सिंह से भेंट कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में वर्मा ने बताया कि चौमूं नगर परिषद एवं उपखंड मुख्यालय होने के बावजूद अब तक सरकारी स्तर पर कोई भी आवासीय योजना स्वीकृत नहीं की गई है। इस कारण निम्न, मध्यम एवं उच्च आय वर्ग के नागरिकों के लिए किफायती दरों पर घर खरीदना एक चुनौती बन गया है। निजी बिल्डरों द्वारा निर्धारित ऊँची कीमतों के कारण आमजन को घर खरीदने में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी आवासीय योजना की अनुपलब्धता के चलते चौमूं के नागरिकों को महंगे निजी बिल्डरों पर निर्भर रहना पड़ता है। गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आवासन मंडल या जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के माध्यम से एक समर्पित आवासीय योजना लागू की जानी चाहिए, जिससे हजारों परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर मिलेगा।ज्ञापन के माध्यम से वर्मा ने मुख्यमंत्री से आगामी राज्य बजट 2025-26 में चौमूं के लिए सरकारी आवासीय योजना को शामिल करने की माँग की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से विचार करेगी और शीघ्र ही चौमूं के नागरिकों के लिए किफायती आवास उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महासचिव घनश्याम बुटोलिया, समाजसेवी छीत्तमल बेरवाल बाबूजी भी उपस्थित थे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
