Loading...

रामनवमी पर जयपुर में गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल, मुस्लिम महिलाओं ने किया शोभा यात्रा का स्वागत

Jaipur

Follow us

Share

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। राजधानी जयपुर ने एक बार फिर गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश की। 6 अप्रैल को रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा में हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर भाईचारे की अनूठी तस्वीर पेश की। सूरजपोल अनाज मंडी से शुरू हुई यात्रा रामगंज, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट होते हुए चांदपोल बाजार के रामचंद्र जी मंदिर तक पहुंची। रामगंज और घाटगेट जैसे मुस्लिम बहुल इलाकों में मुस्लिम युवाओं ने टोपी और भगवा गमछा पहनकर रामभक्तों का स्वागत किया। शरबत पिलाया और खाने-पीने की व्यवस्था की गई। खास दृश्य तब देखने को मिला जब नेशनल मुस्लिम वुमेन वेलफेयर सोसाइटी की महिलाओं ने शोभायात्रा पर फूल बरसाए।

सोसाइटी की अध्यक्ष निशात हुसैन ने कहा, “हम हर साल इस शोभायात्रा का स्वागत करते हैं। हमारा मकसद भाईचारे को बढ़ावा देना है।” मानवाधिकार संघठन पीयूसीएल और जिला शांति समिति सहित कई सामाजिक संगठनों की भागीदारी से यह आयोजन और भी खास बन गया। निशात हुसैन ने बताया कि संस्था केवल स्वागत तक सीमित नहीं रहती, बल्कि माहौल की निगरानी कर यह सुनिश्चित करती है कि महिलाओं के साथ कोई अनुचित व्यवहार न हो। हिंदू-मुस्लिम महिलाओं ने मिलकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया और जयपुर की मेयर कुसुम यादव से मुलाकात कर उन्हें रामनवमी की बधाई दी। मेयर ने निशात हुसैन को गले लगाकर सराहना व्यक्त की। निशात हुसैन के मुताबिक, बुर्के में खड़ी महिलाओं को फूल बरसाते देख युवाओं का व्यवहार बदल गया, और वे आशीर्वाद लेने तक आए। जयपुर पुलिस प्रशासन ने भी इस सौहार्द्रपूर्ण प्रयास की सराहना की। नेशनल मुस्लिम वुमेन वेलफेयर सोसाइटी, जो 1990 के दंगों के बाद बनी थी, पिछले 32 सालों से महिलाओं के हक, शिक्षा और सुरक्षा पर काम कर रही है और हर धर्म व समुदाय की महिलाओं के लिए दो काउंसलिंग सेंटर संचालित करती है। इस मौके पर कार्यक्रम में जहाँआरा, नसीम, सना, शाहीन, खुशबू, कांता और सुनीता सहित कई महिलाएं शामिल रही।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।