जयपुर की दो कोर्ट और मेट्रो स्टेशन को उड़ाने की धमकी: ईमेल में कहा— ‘तीन IED प्लांट कर दिए, 2 बजे से पहले खाली करवा लो’
जयपुर,(रॉयल पत्रिका)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को सनसनी फैल गई जब दो अदालतों और एक मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरा ईमेल जयपुर मेट्रो कोर्ट (प्रथम) के जज पवन कुमार को मिला, जिसमें खुद को पूर्व नक्सली बताने वाले व्यक्ति ने लिखा कि तीन IED कोर्ट की इमारत में प्लांट किए गए हैं, और दोपहर 2 बजे से पहले कोर्ट खाली करवा लेने की चेतावनी दी।

सुबह 4:49 बजे भेजा गया ईमेल, कोर्ट खुलते ही मचा हड़कंप
ईमेल 29 मई को सुबह 4:49 बजे आया, लेकिन कोर्ट 30 मई की सुबह खुली, तब करीब 8:15 बजे यह मेल पढ़ा गया। जज पवन कुमार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कमिश्नर को दी, जिसके बाद जयपुर मेट्रो कोर्ट और ज्योति नगर स्थित फैमिली कोर्ट को खाली करा लिया गया।
चार घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन, कोई विस्फोटक नहीं मिला
सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) को मौके पर बुलाया।
फैमिली कोर्ट परिसर की करीब 4 घंटे तक गहन तलाशी ली गई।
जयपुर मेट्रो कोर्ट में 1 घंटे तक सर्च अभियान चला।
फिलहाल किसी तरह का विस्फोटक नहीं मिला, लेकिन सतर्कता के चलते इलाके को पूरी तरह जांचा गया।
मेट्रो स्टेशन को भी उड़ाने की धमकी
इसके बाद मानसरोवर मेट्रो स्टेशन को उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ा और स्टेशन के पास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
धमकी देने वाले ने ईमेल में क्या लिखा?
ईमेल में धमकी देने वाले ने लिखा—
“मैं पूर्व नक्सली हूं। कोर्ट IED ऑपरेशन का हिस्सा रहा हूं। CPI (Maoist) के ‘सिंगर कोवान ऑपरेशन’ के तहत तीन बम कोर्ट बिल्डिंग में प्लांट किए गए हैं। यह कार्रवाई सवुक्कु शंकर के साथ अन्याय और DMK नेता सादिक बाचा की हिरासत में मौत के विरोध में है।”
कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी, लोग बाहर निकाले गए
ईमेल की गंभीरता को देखते हुए सुबह ही वकीलों, कर्मचारियों और आम जनता को कोर्ट परिसर से बाहर निकाल दिया गया। कई घंटों तक कोर्ट में कामकाज ठप रहा। दिल्ली रोड पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई।

पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस ने ईमेल की ट्रेसिंग शुरू कर दी है।
मामले को साइबर सेल और एटीएस ने हाई-प्रायोरिटी पर लिया है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
