जयपुर से खड़गे करेंगे ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ का शंखनाद
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जयपुर के रामलीला मैदान में सभा का होगा आयोजन
जयपुर। केंद्र सरकार और भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी सोमवार से ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान का आगाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जयपुर के रामलीला मैदान से करेंगे।इसके बाद ही प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में संविधान बचाव रैलियां होंगी। जयपुर के रामलीला मैदान में सभा को लेकर कांग्रेस की तैयारी पूरी हो चुकी है। कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए विशाल डोम बनाया गया। बड़ा मंच भी बनाया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई अन्य नेता कार्यकर्ताओं से संवाद कर जोश भरेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बाताया कि रैली को लेकर कांग्रेस में पिछले कई दिनों से तैयारी चल रही थी। कांग्रेस का दावा है कि रैली 20 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल होंगे। हालांकि रामलीला मैदान की कुल क्षमता 4000 ही है।इधर कांग्रेस की सभा को देखते हुए पुलिस ने परकोटे और आसपास के इलाके में यातायात डायवर्ट किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे सोमवार को मैराथन बैठकें लेंगे। खड़गे सुबह 11 बजे विशेष विमान से जयपुर आएंगे। एयरपोर्ट से काफिले के साथ रैली स्थल रवाना होंगे। रास्ते में कई जगह स्वागत किया जाएगा। खड़गे दोपहर 12 बजे रैली स्थल पहुंचेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। खड़गे दोपहर 2 बजे कांग्रेस वॉर रूम जाएंगे, जहां प्रदेश कोऑर्डिनेशन कमेटी के नेता और जिलाध्यक्षों से संवाद करेंगे। उनसे संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। संगठन को और कैसे मजबूत किया जाए, इस पर भी फीडबैक लेंगे। इसके बाद मल्लिकार्जुन खड़गे दोपहर 3 बजे नारायण सिंह सर्किल स्थित तोतूका भवन पहुंचेंगे, जहां वे प्रदेश कार्यकारिणी, सांसदों, विधायकों और लोकसभा व विधानसभा चुनावों में पार्टी प्रत्याशी रहे नेताओं के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे खड़गे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
