शहर में पेयजल एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण – जिला कलक्टर एवं विधायक ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शब्बीर हुसैन
बारां,(रॉयल पत्रिका)। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर एवं बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र के विधायक राधेश्याम बैरवा द्वारा रविवार प्रातः शहर की पेयजल आपूर्ति एवं सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता, उपखंड अधिकारी, अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं नगर परिषद बारां के अधिशाषी अभियंता एवं सफाई निरीक्षक उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान आमापुरा, तेल फैक्ट्री, न्यू नाकोड़ा बस्ती, बाबजी नगर, नगरपालिका कॉलोनी एवं मांगरोल रोड स्थित गणेश मेटल वाली गली क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया गया। आमापुरा एवं न्यू नाकोड़ा में जलापूर्ति संतोषजनक पाई गई, जबकि बाबजी नगर में अंतिम छोर के उपभोक्ताओं को कम दबाव से जल आपूर्ति की शिकायत मिली। इस पर सहायक अभियंता को नियमित जांच करते हुए पर्याप्त दबाव से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगरपालिका कॉलोनी के निवासियों द्वारा पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति में कमी की जानकारी दी गई, जिस पर मौके पर ही टैंकर से जलापूर्ति की गई एवं भविष्य में पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मांगरोल रोड गणेश मेटल गली में बंद जल लाइन को चालू कर उपभोक्ताओं को नल कनेक्शन प्रदान करने के आदेश दिए गए। निरीक्षण के दौरान हाउसिंग बोर्ड के सामने राधेश्याम सेन को रोड धोकर व्यर्थ जल बहाने पर 1512 रुपये का दण्ड वसूला गया एवं भविष्य में पुनरावृत्ति न करने की चेतावनी दी गई। जिला कलक्टर ने अवैध जल कनेक्शन धारकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा वाहन धुलाई केन्द्रों पर जल कनेक्शन की जांच करने के निर्देश दिए। अवैध कनेक्शन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से जल संरक्षण की अपील की गई। सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान आमापुरा, बाबजी नगर, न्यू नाकोड़ा कॉलोनी एवं नगरपालिका कॉलोनी में सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई। इस पर नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता को इन क्षेत्रों सहित पूरे शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश प्रदान किए गए।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
