गुड फ्राइडे पर देश ने याद किया यीशु मसीह का बलिदान
- पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दिया शांति और करुणा का संदेश
नई दिल्ली। आज देशभर में ईसाई समुदाय द्वारा गुड फ्राइडे श्रद्धा और संयम के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन प्रभु यीशु मसीह के बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है, जब उन्हें मानवता की भलाई के लिए सूली पर चढ़ाया गया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई बड़े नेताओं ने करुणा, शांति और प्रेम का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “गुड फ्राइडे के दिन हम ईसा मसीह के बलिदान को याद करते हैं। यह दिन हमें दयालुता, करुणा और हमेशा उदार हृदय रखने की प्रेरणा देता है। शांति और एकजुटता की भावना हमेशा बनी रहे।” बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा, “प्रभु यीशु मसीह ने अपने जीवन और बलिदान के माध्यम से संपूर्ण मानवता को प्रेम, दया और करुणा का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में कल्याण और शांति लाई जा सकती है।” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अपने संदेश में कहा, “दया, क्षमा, त्याग और सहानुभूति का सार हमारे कार्यों को प्रेरित करता रहे। आइए हम मानवता, दया और शांति के मूल्यों को अपनाएं।” कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस अवसर पर लिखा, “यह गुड फ्राइडे हर दिल को करुणा, दया और प्रेम से भर दे तथा सभी के लिए शांति लेकर आए।” प्रियंका गांधी ने प्रभु यीशु के संदेश को याद करते हुए लिखा, “यह शुभ दिन हमें याद दिलाता है कि प्रेम, करुणा और क्षमा की शक्ति में कभी विश्वास न खोएं।”
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी गुड फ्राइडे पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “गुड फ्राइडे के मौके पर आइए प्रभु यीशु के बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करें तथा करुणा, मानवता एवं प्रेम के उनके संदेश को आत्मसात करें।”गुड फ्राइडे सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग और सेवा का प्रतीक भी है, जो हमें बेहतर समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
