राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी बैठक संपन्न
- संगठन को मजबूत करने पर जोर
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी बैठक जयपुर में सोमवार को आयोजित गई, जिसमें कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने और जनप्रतिनिधियों को एकजुट कर फासीवादी ताकतों से संघर्ष करने का आह्वान किया गया। इस बैठक में सिविल लाइन विधानसभा प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव, एआईसीसी अल्पसंख्यक विभाग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूबी खान ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक में कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए नई जिला कांग्रेस कमेटियों के गठन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसे अनुमोदन के लिए एआईसीसी को भेजा गया। इस अवसर पर रूबी खान ने संगठनात्मक मजबूती को लेकर अपने विचार साझा किए और कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए हमें जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर कांग्रेस की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाएं और फासीवादी ताकतों के खिलाफ मजबूती से लड़ें। इस बैठक के जरिए कांग्रेस ने आगामी रणनीतियों पर चर्चा कर संगठन के पुनर्गठन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, प्रदेश सहप्रभारी चिरंजीव राव, रुत्विक मकवाना, वरिष्ठ नेता डॉ. सी.पी. जोशी, विजय जांगिड़, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, शिखा मील (चौमू), इंदिरा मीणा और नवनियुक्त प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्षा सारिका सिंह शामिल रहे। इसके अलावा पार्टी के अन्य पदाधिकारी, सांसद, विधायक, प्रत्याशीगण और कांग्रेस कार्यकर्ता भी इस महत्वपूर्ण बैठक में मौजूद रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
