Loading...

नगर निगम की खातीपुरा से लुनियावास तक कार्यवाही, अतिक्रमण हटाया गया

Jaipur

Follow us

Share

 

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। नगर निगम ग्रेटर जयपुर ने खातीपुरा रेलवे स्टेशन से लुनियावास जाने वाले मुख्य मार्ग और अन्य इलाकों में अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पार्षद छोटूराम मीणा द्वारा नगर निगम आयुक्त को भेजे गए पत्र के बाद की गई, जिसमें उन्होंने ग्रीन बेल्ट और मुख्य मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की थी। पत्र में उल्लेख किया गया था कि खातीपुरा रेलवे स्टेशन के सामने ग्रीन बेल्ट में कुछ लोगों ने अवैध रूप से झोपड़ी, ढाबे, कैफे और चाय की थड़ी लगाकर अतिक्रमण कर लिया था, जिससे ग्रीन बेल्ट के पेड़-पौधे काट दिए गए थे। इस मुद्दे को लेकर पार्षद ने नगर निगम से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की थी। नगर निगम ने इस पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए 14 फरवरी को जगतपुरा जोन के वार्ड नंबर 120 में इंदिरा गांधी नगर में ग्रीन बेल्ट के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। साथ ही, खो नागोरियान जगतपुरा रोड पर कबाड़ियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटा दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में सफाई बनी रहेगी और ग्रीन बेल्ट संरक्षित रहेगा। हालांकि, उन्होंने मांग की है कि नगर निगम को समय-समय पर निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दोबारा अतिक्रमण न हो। पार्षद छोटूराम मीणा ने नगर निगम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अतिक्रमण पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हैं और यातायात को बाधित करते हैं। उन्होंने आगे भी ऐसे अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए प्रशासन से सक्रिय रहने की अपील की है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।