Loading...

सामुदायिक केन्द्र बना नशेड़ियों का अड्डा, निगम और अधिकारी मौन

Jaipur

Follow us

Share

जयपुर (रॉयल पत्रिका) जयपुर के आजाद नगर के वार्ड 98 स्थित सामुदायिक केन्द्र की हालत दिन-ब-दिन और भी खराब होती जा रही है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस सामुदायिक केन्द्र में 02 फरवरी 2025 को एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था, जिसके लिए निगम ने 18,000 रुपये की रसीद भी काटी थी। लेकिन इसके बावजूद, न तो पानी की सुविधा थी, न ही बिजली की व्यवस्था और न ही सफाई की कोई व्यवस्था निगम द्वारा कराई गई। शादी के बाद भी सफाई नहीं की गई, और 05 फरवरी 2025 तक यहां सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की गई। सामुदायिक केन्द्र की स्थिति पहले से कहीं ज्यादा बदतर हो चुकी है। यहां के ताले टूटे हुए हैं और निगम के अधिकारी, जैसे जमादार, एसआई और अन्य संबंधित अधिकारी, इस मामले में बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। रात के समय इस सामुदायिक केन्द्र में नशेड़ियों का जमावड़ा लगता है, जो न केवल केन्द्र की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि वहां से बिजली के तार, बोर्ड और अन्य सामान भी उखाड़कर ले जाया गया है। यह सामुदायिक केन्द्र 09 अगस्त 2001 को पार्षद मुकेश चौहान द्वारा गरीबों के लिए निःशुल्क बनवाया गया था। 23 वर्षों तक यह केन्द्र बिना किसी शुल्क के चलता रहा, लेकिन 2024 में निगम ने इसे अपने अधीन ले लिया। निगम ने इसे सुविधाजनक बनाने के बजाय, इसके हालात और खराब कर दिए हैं।

Advertisement

स्थानीय निवासियों ने इस समस्या को लेकर आदर्श नगर विधायक रफीक खान, स्थानीय पार्षद और निगम अधिकारियों से संपर्क किया है और उन्हें फोटो, वीडियो और चिट्ठियों के माध्यम से इस मामले की गंभीरता से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

Advertisement

स्थानीय निवासी और एडवोकेट सलमान कुरैशी ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सामुदायिक केन्द्र को फिर से कॉलोनी को सौंपा जाए या फिर चौकीदार की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सामुदायिक केन्द्र के मुख्य गेट के ताले खोले जाएं, ताकि कॉलोनी के लोग यहां आ-जा सकें और सफाई एवं अन्य सुविधाओं का ध्यान रख सकें। उनका मानना है कि इस तरह नशेड़ियों के अड्डे को रोका जा सकता है। स्थानीय निवासियों ने शासन और प्रशासन से इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस सामुदायिक केन्द्र को फिर से स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी और सुरक्षित बनाया जा सके।

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।