जिला कलेक्टर ने किया ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण
‘सेवा शिविर 2025’ नर सेवा नारायण सेवा को कर रहे चरितार्थ

हनुमानगढ़ (रॉयल पत्रिका)। जिले में इस बार सितम्बर माह सिर्फ बदलते मौसम का नहीं, बल्कि आमजन के जीवन में नई रोशनी लाने का गवाह भी बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में “ग्रामीण- शहरी सेवा शिविर 2025” जनकल्याण का ऐसा महाअभियान बन चुका हैं, जो सीधे जनता की उम्मीदों को हकीकत में बदल रहा है। 17 सितम्बर से संचालित इन शिविरों में हजारों लोग वर्षों से अटके दस्तावेज, अधूरी उम्मीदें और लंबित प्रकरण लेकर आते हैं और उसी दिन समाधान पाकर मुस्कुराते चेहरों के साथ घर लौटते हैं। यही कारण है कि आज हर व्यक्ति इन शिविरों की सराहना कर रहा है। इसी सिलसिले में शनिवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने नुकेरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा संगरिया नगरपालिका द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस मौके पर मौजूद आमजन से संवाद कर फीडबैक लिया तथा विभागीय स्टॉलो का निरीक्षण किया। विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में पूछा। जिला कलेक्टर ने इस मौके पर नुकेरा स्थित गौशाला तथा संगरिया में कृषि उपज मंडी परिसर का निरीक्षण भी किया। जिला कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में आमजन के कार्य त्वरिता से हो तथा समस्याओं का समाधान वार्डों और गांवों में ही सुनिश्चित हो इसलिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न लाभार्थियों को भूखंड पट्टे, आवास योजना के चैक सहित विभिन्न योजनाओं के दस्तावेज सौंपे। इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, संगरिया एसडीएम जय कौशिक, तहसीलदार मोनिका बंसल भी मौजूद रहें।

Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
