जेडीए ने कानोता में 25 बीघा भूमि पर बस रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त
हिंगोनिया गौशाला की जमीन को भी मुक्त करवाया
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के प्रवर्तन दस्ते ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन-13 के कानोता इलाके में लगभग 25 बीघा कृषि भूमि पर बसाई जा रही एक नवीन अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में शामिल की गई हिंगोनिया गौशाला की करीब 5 बीघा सरकारी भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया। जेडीए अधिकारियों के अनुसार, कानोता में कृषि भूमि पर बिना किसी स्वीकृति और भू-रूपांतरण के “सावरियां सिटी” के नाम से अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी। कॉलोनाइजर ने भूमि को समतल कर मिट्टी-ग्रेवल की सड़कें, लोहे का स्वागत गेट और सीमेंट के पिलर लगा दिए थे। सूचना मिलने पर जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी मशीनों की सहायता से सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया और कॉलोनी बसाने के प्रयास को विफल कर दिया। इसके अतिरिक्त, दस्ते ने कानोता में ही जेडीए की योजना ‘कल्पना नगर एच-ब्लॉक’ की सरकारी भूमि पर तारबंदी और मिट्टी की डोल बनाकर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया। जेडीए के अनुसार, अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। वर्ष 2024 से अब तक कुल 1340 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है और 673 नवीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया है। जेडीए के उप महानिरीक्षक पुलिस, राहुल कोटोकी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अतिक्रमण की शिकायत जेडीए के कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबरों या राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज कराकर इस अभियान में सहयोग करें।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
